सीमातढ़ी। बिहार में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान उस वक्त तनाव पैदा हो गया, जब असामाजिक तत्वों ने विसर्जन यात्रा पर पथराव कर दिया। सीतामढी जिले के बेलसंड में मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान लोगों पर पथराव किया गया। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने के लिए बेलसंड चौक से रजिस्ट्री कार्यालय होते हुए यह यात्रा मनुषमारा नदी घाट से आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया, इससे अफरातफरी मच गई। पथराव में पुलिस समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गये। घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। असामाजिक तत्वों ने पथराव के बाद दो दुकानों में आग लगा दी। हालांकि, पुलिस हरकत में आई और आग पर काबू पा लिया।
इस घटना के बाद से इलाके में तनाव बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने जबरन लाठियां भांजते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल भीड़ को तितर-बितर किया। इससे भीड़ भड़क गयी और मूर्ति को नदी के घाट पर रखकर चले गये। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पथराव करने वालों की बजाय लाठी के बल पर हमें हटाया। इससे आक्रोशित लोगों ने डीएम-एसपी से हस्तक्षेप कर पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए मूर्ति विसर्जित करने से इनकार कर दिया।