इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से एक शर्मनाक खबर सामने आई है। मंगलवार को देर रात पिकनिक पर गए सेना के दो जवानों और उनकी दो महिला दोस्तों पर कथित तौर पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इनमें से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की भी खबर सामने आ रही है। सेना के जवानों के साथ हुई इस घटना से हर कोई हैरान है। पुलिस ने केस दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
इंदौर जिले में पिकनिक मना रहे सेना के दो जवानों और उनकी दो महिला दोस्तों पर हमलाकर लूटपाट की गई और उनमें से एक महिला के साथ बंदूक की नोक पर सामूहिक बलात्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने बताया कि दोनों सेना के जवान महू छावनी के इन्फैंट्री स्कूल में ‘यंग ऑफिसर्स’ (YO) कोर्स के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह मंगलवार को अपनी दो महिला मित्रों के साथ पिकनिक मनाने गए थे।
पुलिस चारों पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए महू सिविल अस्पताल ले गई। अधिकारियों के शरीर पर चोट के निशान थे। मेडिकल जांच के बाद पता चला कि बदमाशों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने कहा कि डकैती, उत्पात और हथियार संबंधी (बीएनएस) धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चार पुलिस स्टेशनों के जवानों ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।