नई दिल्ली। 9 राज्यों में राज्यसभा की 12 सीटों पर उपचुनाव होने से पहले ही सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। असम, बिहार और महाराष्ट्र की दो-दो, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, तेलंगाना और ओडिशा की एक-एक सीटें शामिल हैं। निर्विरोध चुने गए सांसदों में भाजपा के 9, कांग्रेस, एनसीपी(अजीत पवार) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के एक-एक सदस्य को निर्विरोध चुना गया है। इसी के साथ एनडीए गठबंधन ने राज्यसभा में दोबारा बहुमत हासिल कर लिया है।
नौ नए सांसदों के साथ अब राज्यसभा में भाजपा सांसदों की कुल संख्या 96 हो गई है। इसके अलावा भाजपा के सहयोगी दलों के सांसदों की गिनती करें तो राज्यसभा में एनडीए के पास कुल 112 सांसद हैं।
भाजपा की बात करें तो असम से मिशन रंजन राज, रामेश्वर तेली, बिहार से मनन कुमार मिश्रा, हरियाणा से किरण चौधरी, मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री जाॅर्ज कुरियन, महाराष्ट्र से शील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता, राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू, त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्जी निर्विरोध चुने गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र से अजीत पवार गुट के नीतिन पाटिल, बिहार से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा और कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी तेलंगाना से निर्विरोध चुने गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने इस माह राज्यसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त थी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारी 27 अगस्त थी। आगामी 3 सितंबर को मतदान होने वाला था। 27 अगस्त को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख पर 12 सदस्य निर्विरोध चुने गए।