जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद में सावन के सोमवार पर बड़ा हादसा हो गया। यहां के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगदड़ मचने से 7 लोगों की मौत हो गई। सावन के चौथे सोमवार पर सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी बीच धक्का-मुक्की होने लगी और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। जिसमें सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल हो गए। घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों ने प्रशासन पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि लाठीचार्ज करने की वजह से हालात ज्यादा बिगड़ गए थे। लाठीचार्ज से डरकर लोग भागने लगे थे। इसी भगदड़ में कितने लोग नीचे गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने में जुट गई। जहानाबाद के एसएचओ दिवाकर कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मृतकों में 5 महिलाएं और दो पुरुष हैं।