नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का जेल से बाहर आने पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करके स्वागत किया। जेल से बाहर आते ही उनके चेहरे पर खुशी थी। मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनके परिवार से मिलने गए। इसके बाद देर शाम वह अपने घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल भी जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की ताकत के बलबूते उन्हें जमानत मिली है। इसी ताकत से हमारे नेता केजरीवाल भी बाहर आएंगे। आम आदमी पार्टी के सांसद संदीप पाठक ने कहा कि यह हमारे लिए बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया कल राजघाट जाएंगे। इसके बाद मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और सुबह करीबन 11 बजे पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबाेधित करेंगे।
मीडिया से बात करते हुए आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सिसोदिया को कथित फर्जी केस में 17 महीने तक जेल में रखा गया। केंद्र सरकार ने सिसोदिया समेत आप के तमाम नेताओं को जेल में डाल दिया। केंद्रीय जांच एजेंसियों का मकसद जांच करना नहीं है, बल्कि विपक्ष के नेताओं को जेल में डालना है।