अहमदाबाद। गुजरात कांग्रेस मोरबी ब्रिज दुर्घटना और राजकोट अग्निकांड के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए न्याय यात्रा निकालेगी। 300 किमी की न्याय यात्रा 9 अगस्त से मोरबी से शुरू होकर 22 अगस्त को गांधीनगर में खत्म होगी। न्याय यात्रा का रूट भी तय कर लिया गया है। मोरबी से राजकोट, सुरेन्द्रनगर, अहमदाबाद होते हुए गांधीनगर। न्याय यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भी शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने राजीव गांधी भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि न्याय यात्रा में एक घड़ा भी रखा जाएगा, जिसमें लोगों की शिकायतों और समस्याओं का भी संग्रह किया जाएगा। जनता द्वारा पूछे गए सवालों से घड़ा भर जाने के बाद कांग्रेस इसे फोड़कर यह संकेत देगी कि भाजपा का पाप का घड़ा भर गया है।
कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजीभाई देसाई ने कहा कि 9 अगस्त को क्रांति दिवस पर मोरबी झूलता ब्रिज दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को साथ लेकर मोरबी से न्याय यात्रा शुरू की जाएगी। 9 अगस्त को सुबह 9 बजे मोरबी ब्रिज पर तिरंगा फहराकर यात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा टंकारा, गौरीदाद, रतनपर में रुकेगी। इसके बाद 11 अगस्त को राजकोट टीआरपी गेम जोन स्थल पर एक शोक सभा आयोजित की जाएगी। 12 अगस्त को राजकोट लौटने के बाद यात्रा 13 अगस्त को राजकोट से रवाना होगी और सुरेंद्रनगर, विरमगाम, साणंद के बाद गांधी आश्रम से होते हुए गांधीनगर पहुंचेगी। पदयात्रा में 100 से अधिक लोग शामिल होंगे और प्रतिदिन 25 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।
न्याय यात्रा में देशभर से नेता शामिल होंगे, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस बीच कहीं न कहीं राहुल गांधी भी यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
वडगाम विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा है। भ्रष्ट भाजपा सरकार से न्याय की उम्मीद करना बेमानी है। जबकि टीआरपी ने गेमजाेन अग्निकांड के आरोपी अधिकारियों को क्लीन चिट दे दी गई है। हम जानते हैं कि भाजपा द्वारा निष्पक्ष जांच नहीं की जाएगी। जब तक कोई गैर-भ्रष्ट अधिकारी जांच समिति में नहीं होगा तब तक उचित जांच नहीं होगी। हम पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लड़ेंगे और उनके साथ खड़े रहेंगे। गुजरात में दो बड़ी त्रासदियों के बाद भी गुजरात सरकार इस पर कोई विचार नहीं कर रहा है।