सूरत। मानसून सीजन में बारिश के कारण सूरत समेत कई इलाकों में जलजनित और मच्छरजनित महामारी के मामले बढ़ रहे हैं। प्रदेश में चांदीपुरा वायरस भी तेजी से फैल रहा है। इसी दहशत के बीच रांदेर में बुखार और उल्टी से पांच वर्षीय लड़की और सिंगणपोर में बुखार और उल्टी से तीन की बच्ची की मौत हो गई।
स्मीमेर अस्पताल से प्राप्त विवरण के अनुसार दाहोद के मूल निवासी और वर्तमान में रांदेर में एसएमसी आवास में रहने वाले विजय मावी की पांच वर्षीय बेटी सोनाक्षी एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी। उसे कल रात उल्टी हुई थी, इसके बाद आज सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई । उसे इलाज के लिए स्मीमेर अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक लड़की के पिता ऑटोरिक्शा चलाते हैं।
एक अन्य घटना में उड़ीसा के मूल निवासी और सिंगणपोर के गंगोत्री नगर में रहने वाले रांका स्वाई की तीन वर्षीय बेटी सालिनी को आज सुबह बुखार हुआ था, इसके बाद उसे उल्टी होने लगी। उसे उपचार के लिए स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की के पिता लूम्स के कारखाने में काम करते हैं।