अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 22 जनवरी 2024 को भगवान राम के बाल स्वरूप की मूर्ति स्थापित की गई थी। अब उसी मंदिर में दूसरी प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। भगवान राम को राजा के रूप में विराजमान किया जाएगा। राम मंदिर के मुख्य गर्भगृह में बाल स्वरूप की पूजा हो रही है, अब पहली मंजिल पर राम दरबार के दर्शन होंगे। राम दरबार में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमानजी के भी दर्शन होंगे। 5 जून को भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान गर्भगृह में दर्शन होते रहेंगे। इसलिए श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है और सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। राम मंदिर के आसपास अन्य मंदिर भी बनाए गए हैं, इसलिए 5 जून को सात मंदिरों में भी प्राण प्रतिष्ठा होगी। राम मंदिर के पूरे परिसर में भगवान भोलेनाथ, गणेशजी, महाबली हनुमान, सूर्य देव, मां भगवती, अन्नपूर्णा माताजी के मंदिर स्थापित किए जायेंगे।
इस बार अयोध्या के प्रसिद्ध विद्वानों ने प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकाला है। 5 जून को गंगा दशहरा भी है, इसी दिन द्वापर युग की शुरुआत हुई थी और इसी दिन रामेश्वरम की स्थापना हुई थी। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव दो जून से शुरू होगा, जिसमें सरयू नदी से कलश यात्रा निकाली जायेगी। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सुबह 11.25 बजे से 11.40 बजे तक अभिजीत मुहूर्त में होगा।