सूरत। सूरत शहर के वार्ड क्रमांक 8 के भाजपा महामंत्री आदित्य उपाध्याय और उसके साथी गौरव सिंह ने एक युवती से होटल में दुष्कर्म किया था। पुलिस ने युवती की शिकायत पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आज सूरत नगर निगम के कतारगाम जोन ने सिंगणपोर में सुवेज ट्रीटमेंट प्लांट के बगल में एक सरकारी आरक्षित भूखंड पर आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड- 8 के भाजपा महामंत्री आदित्य उपाध्याय और उसके दोस्त गौरव सिंह ने मिलकर 23 वर्षीय लड़की के साथ बारी-बारी से बलात्कार किया था। जानकारी के अनुसार, भाजपा महासचिव आदित्य ने लड़की को नशीला पदार्थ खिलाकर होटल में ले गया, जहां उसका दोस्त गौरव पहले से मौजूद था। दोनों ने मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। सामूहिक बलात्कार करने के बाद दोनों व्यक्ति पीड़िता को उसके घर के पास छोड़कर भाग गए। जब पीड़िता को होश आया तो उसने पुलिस को घटना की सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना सामने आते ही भाजपा ने भी कार्रवाई करते हुए आदित्य उपाध्याय को तत्काल पार्टी महासचिव पद से निष्कासित कर दिया।