Sunday, May 4, 2025
Homeराष्ट्रीयभीषण गर्मी के बीच देशभर में बदलेगा मौसम, गुजरात समेत कई राज्यों...

भीषण गर्मी के बीच देशभर में बदलेगा मौसम, गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अनुमान

नई दिल्ली। मई के आरंभ से मौसम बदल गया है। देश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश देखने को मिल रही है। कुछ इलाकों में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 5 मई तक हल्की बारिश हो सकती है। 4 मई को ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और बिहार के कुछ इलाकों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 6 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 3 मई को ओलावृष्टि और 4 मई को उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है।
गुजरात, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र में 3 से 8 मई तक आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जबकि दक्षिण भारतीय राज्यों कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आसपास के इलाकों में अगले सात दिनों तक आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 5 और 6 मई को उत्तर आंतरिक कर्नाटक में ओलावृष्टि की संभावना है तथा 3 और 6 मई को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी वर्षा होने की संभावना है।
आईएमडी ने कहा कि अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके बाद अगले तीन दिन तक कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं मध्य और पश्चिमी भारत में भी तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments