बेंगलुरू। पहलगाम हमले पर बयान देकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बड़े विवाद में फंस गए हैं। उनका बयान पाकिस्तानी अखबारों की सुर्खियों में प्रकाशित हुआ है, जिससे व्यापक बहस छिड़ गई है। दरअसल, पाकिस्तानी मीडिया ने सिद्धारमैया के बयान को अलग नजरिए से प्रकाशित किया है, जिसके बाद वह भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। उधर, विवाद के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि मैंने कभी नहीं कहा कि युद्ध नहीं लड़ा जाना चाहिए। मेरे बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
सिद्धारमैया ने आज, 27 अप्रैल को कहा कि मैंने कभी नहीं कहा कि हमें पाकिस्तान के साथ युद्ध नहीं करना चाहिए। मैंने बस इतना कहा था कि इस मुद्दे को सुलझाने का तरीका युद्ध नहीं है। पर्यटकों को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए थी। उनकी सुरक्षा के लिए कौन जिम्मेदार है? कोई सुरक्षा त्रुटि थी, खुफिया तंत्र विफल हो रहा है भारत सरकार ने पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई है। जहां तक युद्ध का प्रश्न है और यह आवश्यक है, युद्ध किया जाना चाहिए।
इससे पहले सिद्धारमैया ने कहा था कि पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध छेड़ने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने शनिवार, 26 अप्रैल को कहा था कि तत्काल कड़े सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए। हम युद्ध के पक्ष में नहीं हैं, वहां शांति होनी चाहिए, लोग सुरक्षित महसूस करें और केंद्र सरकार को प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।