नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 अप्रैल 2025 को दो दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी की खाड़ी देश की तीसरी यात्रा क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर 22-23 अप्रैल को होगी। सऊदी अरब की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वहां के नेतृत्व से मिलेंगे और द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। जिसमें ऊर्जा और रक्षा, इजराइल-फिलिस्तीन समेत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले दो बार, 2016 और 2019 में सऊदी अरब का दौरा कर चुके हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के संबंध में, दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंध परिषद की दूसरी बैठक में कई महत्वपूर्ण चर्चाएं होंगी। दोनों देश इस परिषद के अंतर्गत दो समितियों के माध्यम से निरंतर संवाद और सहयोग कर रहे हैं और यह राजनीतिक, सामाजिक, तकनीकी और आर्थिक स्तरों पर सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मंच है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा भारत और सऊदी अरब के संबंधों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। सऊदी अरब इस्लामी दुनिया में एक प्रमुख आवाज है और अब क्षेत्रीय मामलों में भी प्रमुख भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच अच्छे और गर्मजोशी भरे संबंध हैं। उनकी आपसी समझ और उच्चस्तरीय रणनीतिक सोच ने दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत किया है।