हुबली। कर्नाटक के हुबली में 5 साल की बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने लड़की के साथ दुष्कर्म करने की भी कोशिश की। पुलिस ने बताया कि घटना अशोक नगर थाना क्षेत्र में हुई और लड़की का शव एक खाली मकान में मिला। पुलिस ने बताया कि लड़की की मेडिकल जांच कराई जा रही है। इस घटना के बाद लोग आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में अशोक नगर पुलिस स्टेशन के सामने एकत्रित होकर लड़की के लिए न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी की पहचान बिहार निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई है, जो पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। कहा जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान उसकी पुलिस से झड़प हुई, जिसके बाद मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया। जानकारी के अनुसार आरोपी रितेश बच्ची को एक शेड में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन, लड़की की चीखें सुनकर स्थानीय लोग शेड की ओर दौड़ पड़े। हालांकि, आरोपी ने लड़की को शांत करने के लिए उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गया था।
इस घटना के बारे में हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस ने पीड़िता के माता-पिता की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लिया है। हालांकि, आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी ने बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी।