सूरत। सूरत में सूदखोरों से परेशान दंपती ने जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पति की हालत फिलहाल गंभीर है और पत्नी की हालत सामान्य है। पीड़ित परिवार ने वराछा पुलिस पर भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, वराछा में 50 वर्षीय अरविंदभाई और उनकी पत्नी रीताबेन ने जहर पी लिया। अरविंदभाई टेम्पो चलाते हैं। अरविंदभाई सूदखाेरों की धमकी से परेशान हो गए थे। दंपती ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर अरविंदभाई ने अपनी पत्नी के सामने जहर पी लिया। पति को जहर पीते देखकर रीताबेन ने भी उनके हाथ से जहर की शीशी छीनकर पी लिया। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। दंपती का स्मीमेर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अरविंदभाई की हालत गंभीर है, जबकि पत्नी रीताबेन की हालत में सुधार है।
इस मामले में अरविंदभाई की पत्नी रीता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सूदखोर लोन ली गई रकम पर हर महीने ब्याज ले रहे हैं। सूदखोरों ने जब हमें धमकाना शुरू किया, तो हमने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूदखोर अब तक 10 लाख रुपए ले चुके हैं। पुलिस ने अभी तक सूदखोरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।