अहमदाबाद। कांग्रेस का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन अहमदाबाद में शुरू हो गया है। आज कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक भी हुई, जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी की रणनीति और सामाजिक एकीकरण के मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।
राहुल गांधी ने कहा कि हम दलित, मुसलमान और ब्राह्मणों के बीच उलझे रहे और ओबीसी हमें छोड़कर चले गए। जब कांग्रेस अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय की बात करती है तो उसकी आलोचना की जाती है, हालांकि इससे डरने की जरूरत नहीं है। पार्टी को ऐसे मुद्दे उठाने चाहिए और बिना किसी हिचकिचाहट के अपने विचार व्यक्त करने चाहिए। सीडब्ल्यूसी की बैठक शुरू हुई तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सबसे पहले संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है। महात्मा गांधी के अलावा उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और दादाभाई नौरोजी को भी याद किया और कहा कि गुजरात में जन्मे इन महान व्यक्तित्वों ने कांग्रेस का नाम पूरी दुनिया में प्रसिद्ध किया। ये सभी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं। गांधीजी ने हमें अन्याय के विरुद्ध सत्य और अहिंसा का हथियार दिया है।