कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मणिकर्ण के पास बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है। यहां एक पहाड़ी सड़क पर एक बड़ा पेड़ अचानक कारों पर गिर गया, जिससे कई लोग दब गए। अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मणिकर्णिका गुरुद्वारा के सामने सड़क पर गिरे पेड़ के नीचे एक पर्यटक और एक व्यापारी दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ऐसा संदेह है कि भूस्खलन के कारण यह पेड़ वाहनों पर गिर गया होगा।