मुरादाबाद। मुरादाबाद से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां रेलवे हरथला कॉलोनी आजाद नगर में पोते साहिल शर्मा उर्फ सानू ने ऑटो ना दिलाने पर बुआ वंदना शर्मा का सिर हथौड़ी से कूचकर हत्या कर दी। बचाने आई दादी सरोज शर्मा को भी उसने नहीं छोड़ा और उसी हथौड़ी से दादी का भी सिर कुचलकर मार डाला।
साहिल ने सोते समय बुआ के सिर पर हथौड़ी से हमला किया, फिर बाल पकड़कर घसीटते हुए बरामदे में लेकर गया। यहां पर सिर के बाद हथौड़ी से मुंह पर भी वार किये किए।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बरेली स्थित अपनी फुफेरी बहन के घर पहुंच गया। बहनोई को सिलसिलेवार घटनाक्रम की जानकारी दी। बहनोई के पैरों तले जमीन खिसक गई। हिम्मत कर वह आरोपी को सिविल लाइंस थाने लेकर पहुंचे और पूरा घटनाक्रम बताया। आरोपी को लेकर पुलिस घर पहुंची और उसकी निशानदेही पर दोनों शव बरामद किये।
सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता थाने पहुंच गए। घटना की जानकारी ली और उच्चाधिकारियों को बताया। इसके बाद एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ पहुंच गए। फोरेंसिक टीम पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।