अहमदाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का राष्ट्रीय अधिवेशन 9 अप्रैल को अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित होने जा रहा है। गुजरात में 64 साल बाद आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से 3000 से अधिक कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय अधिवेशन से एक दिन पहले यानी 8 अप्रैल को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक अहमदाबाद के शाहीबाग में स्थित सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक में होगी। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दोनों स्थानों को पार्टी के कार्यक्रम के लिए पसंद किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने बताया कि 8 अप्रैल को सुबह कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा सोनिया गांधी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेता इसी दिन शाम को 5 बजे गांधी आश्रम में भजन संध्या आैर प्रार्थना सभा में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दूसरे दिन 9 अप्रैल को रिवर फ्रंट पर राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू होगा।