रोहतक। हरियाणा के रोहतक शहर के सांपला बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव लावारिस हालत में सूटकेस में मिलने से हड़कंप मच गया। हिमानी की मां सविता ने आरोप लगाया कि चुनाव और पार्टी ने उनकी बेटी की जान ले ली। हिमानी नरवाल कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में नजर आईं थी।
रोहतक शहर के सांपला बस स्टैंड पर एक अज्ञात सूटकेस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। जब पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें एक युवती का शव मिला। 30 वर्षीय लड़की की पहचान कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के रूप में की गई। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हिमानी की गला घोंटकर हत्या की गई और शव को बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में डालकर फेंक दिया गया। हिमानी का चेहरा पीला पड़ा था और उसके होठों पर खून लगा हुआ था, जिससे पता चलता है कि उसे बेरहमी से पीटा गया और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। इस बीच हिमानी की मां सविता ने कहा कि मेरी बेटी के कांग्रेस में कई दुश्मन थे। वह पिछले 10 वर्षों से पार्टी में काम कर रही थी। वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं और पारंपरिक हरियाणवी पोशाक में राहुल गांधी के साथ उनकी तस्वीर वायरल हुई थी। चूंकि उन्होंने छोटी उम्र में ही पार्टी में बहुत प्रगति कर ली थी, इसलिए कई लोग उनके दुश्मन बन गये। वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा की करीबी थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से वह पार्टी छोड़कर नौकरी करना चाहती थी और यहां तक कि शादी के लिए भी राजी हो गई थी। हम उसके लिये एक लड़का ढूंढ रहे थे। हिमानी के बड़े भाई की 2011 में हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके पिता ने आठ साल पहले आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मां सविता अपने दूसरे बेटे के साथ दिल्ली चली गईं थी।