जोहान्सबर्ग। विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहान्सबर्ग में आयोजित जी-20 बैठक के दौरान अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच सीधी उड़ानों और कैलाश मानसरोवर यात्रा पर विस्तृत चर्चा हुई।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया (X) पर इस बैठक की जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा- उन्हें आज सुबह जोहान्सबर्ग में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में सीपीसी पोलित ब्यूरो के सदस्य और चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मिलने का अवसर मिला।
नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने नवंबर में अपनी पिछली बैठक के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में हुए विकास की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस दौरान दोनों मंत्रियों ने शांति और सद्भाव बनाए रखने के बारे में भी बात की, खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में।
विदेश मंत्रालय ने प्रेस वार्ता में बताया कि बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, कैलाश मानसरोवर यात्रा, सीधी उड़ान संपर्क बहाल करने और यात्रा सुविधा से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि जी-20 और शंघाई सहयोग संगठन पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।