नई दिल्ली। रेखा गुप्ता ने दिल्ली के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। आज दोपहर 12.35 बजे रामलीला मैदान में उपराज्यपाल ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रवींद्र इंद्रराज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इसके अलावा 50 से अधिक फिल्मी सितारे और उद्योगपति भी शपथ ग्रहण समारोह में माैजूद रहे।
रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने से पहले जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने रेखा गुप्ता के घर पर चार पुलिसकर्मी, पीछे की तरफ चार पुलिसकर्मी और दो कमांडो के साथ जेड श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री बनते ही उन्हें यह सुरक्षा प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करके लिखा है- दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर रेखा गुप्ता जी को बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक और मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।