Friday, March 14, 2025
Homeप्रादेशिकउत्तर प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत,...

उत्तर प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत, 33 घायल

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गुरुवार को तड़के दो जगह हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय हाईवे-731 पर सरोखनपुर अंडरपास पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। दो वाहनों के बीच हुई टक्कर में टाटा सूमो में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी घटना में एक बस सड़क पर खड़े ट्रेलर से टकरा गई। बस में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। बस में सवार सभी लोग दिल्ली के बताए जा रहे हैं, जो चित्रकूट से प्रयागराज और फिर वाराणसी दर्शन के बाद अयोध्या जा रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसों का संज्ञान लेते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि थाना बदलापुर इलाके में सरोखन पुर के पास हाइवे पर देर रात श्रद्धालुओं से भरी झारखंड पासिंग की एच 02 एक्स 1652 नंबर की सूमो अयोध्या जा रही थी। रात करीबन डेढ़ बजे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टाटा सूमो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन महिला, एक पुरुष और एक बालक है। उन्होंने बताया कि कुछ घंटे बाद दिल्ली से यात्रियों को लेकर चली हरियाणा की बस एक खड़े ट्रेलर के पीछे टकरा गई। हादसे में बस ड्राइवर, उसकी बड़ी बहन और उसकी दादी की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों हादसों में कुल आठ लोगों की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments