नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बाद भारी जीत हासिल करने के बाद भाजपा ने अभी तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं की है। आज शाम छह बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होने वाली है, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने की संभावना है। भाजपा ने रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ को दिल्ली का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। आज शाम को होने वाली विधायक दल की बैठक में दोनों पर्यवेक्षक शामिल होंगे। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री कल दोपहर 12:00 बजे रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा इस कार्यक्रम को भव्य बनाने में जुटी है। शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण लोगों को पहुंचने शुरू हो गए हैं।