सूरत। नगर निगम के वार्ड-18 (लिंबायत-पर्वत-कुंभारिया) उपचुनाव में 31.35 मतदान हुआ। मतदान के बाद भाजपा-कांग्रेस ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया। भाजपा ने हर चुनाव की तरह इस चुनाव में जोर-शोर से प्रचार करके भारी मतदान कराने का प्रयास किया था। भाजपा ने चुनाव प्रचार में 12 विधायक, सांसद और पार्षदों की पूरी फौज उतार दी थी। मतदान के दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर प्रचार करने का आरोप लगाते हुए चुनाव अधिकारी से शिकायत की। रविवार को वार्ड-18 में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। वार्ड-18 के भाजपा पार्षद गेमर देसाई के निधन के बाद यह सीट रिक्त पड़ी थी। राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में स्थानीय निकाय के साथ वार्ड-18 में भी उपचुनाव की घोषणा की थी। वार्ड-18 के नतीजे 18 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
भाजपा शहर अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा ने भाजपा उम्मीदवार के 10 हजार वोटों से जीतने का दावा किया है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस शहर अध्यक्ष धनसुख राजपूत ने इस जीत के साथ कमबेक करने का भराेसा जताया है। वार्ड-18 में आम आदमी पार्टी के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया था।