प्रयागराज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज सोमवार को प्रयागराज के महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। राष्ट्रपति ने संगम में स्नान करने के बाद पूजा-अर्चना की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ मौजूद रहे। संगम में तीर्थ पुरोहितों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पावन जलधारा के ऊपर बनी जेटी पर तैयार पूजास्थल पर पूजन कराया। राष्ट्रपति ने पूजन करने के बाद गंगा को दूध, पुष्प अर्पित किया और आरती उतारी। इसके बाद राष्ट्रपति ने अक्षयवट, सरस्वती कूमप और बंधवा में बड़े हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
महाकुंभ में राष्ट्रपति के आगमन से यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया। संगम तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने इस पावन क्षण को देखा और स्वयं को धन्य महसूस किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करते हुए लिखा- महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी ने आज प्रयागराज में त्रिपथगामिनी मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।