नई दिल्ली। दिल्ली में करारी हार के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। दलबदल की अटकलों के बीच खबर है कि पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के आप विधायकों को दिल्ली बुलाया है। कांग्रेस ने हाल ही में दावा किया था कि आप के कई विधायक दूसरी पार्टियों में शामिल होने वाले हैं। हालांकि, आप के किसी नेता ने आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
खबरों के मुताबिक केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों और मंत्रियों को दिल्ली में बैठक करने के लिए बुलाया है। यह बैठक 11 फरवरी को होने वाली है। पार्टी के विधायकों को मंगलवार को सभी काम रद्द करके कपूरथला हाउस में होने वाली बैठक में शामिल होने को कहा गया है। हालांकि, बैठक का एजेंडा अभी तक स्पष्ट नहीं है। बता दें, पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक 6 फरवरी को होने वाली थी, जो 10 फरवरी तक स्थगित कर दी गई थी। लेकिन बाद में इसे 13 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया। कहा जा रहा है कि दिल्ली हारने के बाद पार्टी नेतृत्व का फोकस अब पंजाब पर है। दिल्ली में होने वाली बैठक में केजरीवाल विधायकों से मतदाताओं से जुड़ने के बारे में बात कर सकते हैं।
वहीं, चर्चा यह भी है कि दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल राज्यसभा या पंजाब विधानसभा में जाने की कोशिश कर सकते हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि केजरीवाल लुधियाना से उपचुनाव लड़ सकते हैं।