नई दिल्ली। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को सबसे बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दोनों बड़े नेता मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल चुनाव हार गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव जीत गई हैं। दिल्ली चुनाव में भाजपा जीत की ओर बढ़ रही है। भाजपा ने बड़ी बढ़त हासिल कर ली है।
पार्टी | आगे | जीते | कुल |
भाजपा | 45 | 2 | 47 |
आम आदमी पार्टी | 20 | 3 | 23 |
कांग्रेस | 00 | 00 | 00 |
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया जंगपुरा विधानसभा सीट से हार गए हैं। भाजपा उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवा ने उन्हें 600 मतों से हराया। मनीष सिसोदिया ने भाजपा प्रत्याशी को जीत की बधाई दी है। चुनाव हारने के बाद आप नेता मनीष सिसोदिया ने बयान दिया है कि हमारे कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत से चुनाव लड़ा। जंगपुरा के लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया, लेकिन मैं 600 वोटों से हार गया। मैं भाजपा उम्मीदवार को बधाई देता हूं। और उम्मीद है कि इससे लोगों को लाभ मिलेगा। हम विश्लेषण करेंगे कि हमसे कहां गलती हुई।
नई दिल्ली सीट पर आप संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव हार गए हैं। भाजपा के प्रवेश वर्मा ने उन्हें 3000 से अधिक वोटों से हराया है। इस सीट पर अरविंद केजरीवाल, भाजपा के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और पूर्व कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित के बीच कड़ा मुकाबला था। केजरीवाल पिछले तीन चुनावों से यह सीट जीतते आ रहे हैं। साथ ही, केजरीवाल को पिछले दो चुनावों में इस सीट पर कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी विधानसभा से चुनाव मैदान में थी। उनका मुकाबला भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से था। कालकाजी सीट पर आतिशी हारते-हारते चुनाव जीत गई हैं।
7 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। रूझानों में भाजपा उम्मीदवार रमेश विधूड़ी चल रहे हैं और आतिशी पीछे हैं।
पटपड़गंज विधानसभा सीट पर आप प्रत्याशी अवध ओझा चुनाव जीत गए हैं। भाजपा रविन्द्र सिंह नेगी ने इस सीट पर जीत हासिल की है। पटपड़गंज की सीट मनीष सिसोदिया की थी। इस बार आप ने इस सीट पर अवध ओझा को चुनाव मैदान में उतारा था। करावल सीट पर भाजपा के उम्मीदवार कपिल मिश्रा आगे चल रहे हैं और आम आदमी पार्टी के मनोष त्यागी पीछे हैं।
अरविंद केजरीवाल के चुनाव हारने के बाद राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करके लिखा- अहंकार रावण का भी नहीं बचा था…।