नई दिल्ली। आज बुधवार को दिल्ली विधानसभा के लिए मतदान होगा। 13,766 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और शाम छह बजे तक चलेगा। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 1.55 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इन 70 सीटों पर 699 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आज इन उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में सील हो जाएगा। विधानसभा का चुनाव प्रचार सोमवार शाम को शांत हो गया था। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस बार का चुनाव काफी रोमांचक है। सत्तारूढ आम आदमी पार्टी दिल्ली में चौथी पर बार सरकार बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। वहीं, भाजपा और कांग्रेस भी कांटे की टक्कर दे रहे हैं।
दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एलिस वाज ने कहा है कि मैं दिल्ली के सभी लोगों से अनुरोध करती हूं कि वे आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें। हमने आपकी सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर उचित व्यवस्था की है। आप सभी से मेरी अपील है- आओ और वोट करो।
दिल्ली पुलिस ने विधानसभा चुनाव बिना डर और शांतिपूर्ण कराने का दावा किया है। नोडल अफसर व विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।