नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाली भारत की 14 वर्षीय धिनिधि देसिंधु ने राष्ट्रीय खेलों की तैराकी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर सुर्खियां बटोरीं, जबकि कर्नाटक ने पहले दिन पांच स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
कर्नाटक ने पहले दिन सात पदक (पांच स्वर्ण, दो रजत) जीते, जबकि मणिपुर (चार स्वर्ण, चार रजत) दूसरे और महाराष्ट्र (दो स्वर्ण, तीन रजत, तीन कांस्य) तीसरे स्थान पर है। पहला दिन कर्नाटक के देसिंधु को समर्पित था। जिन्होंने महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल प्रतियोगिता में दो मिनट और 3.24 सेकंड के खेल रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा कर्नाटक की इस तैराक ने महिलाओं की 100 मीटर बटरफ्लाई और 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल में भी स्वर्ण पदक जीते।
महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल में दिल्ली की भव्या सचदेवा (2:08.68) और महाराष्ट्र की अदिति सतीश हेगड़े (2:09.74) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। देसिंधु ने महिलाओं की 100 मीटर बटरफ्लाई में 1:03:62 का समय लिया और दिन में दूसरी बार पोडियम के शीर्ष पर पहुंचीं। कर्नाटक की नैशा शेट्टी (1:04.81) ने रजत और ओडिशा की सृष्टि उपाध्याय (1:05.20) ने कांस्य पदक जीता।
इसके बाद देसिंधु ने नीना वेंकटेश, शालिनी आर दीक्षित और लतीशा मंधाना के साथ मिलकर महिलाओं की 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में 4:01:58 के समय के साथ कर्नाटक के लिए स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र (4:02.17) और तमिलनाडु (4:08:81) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।