नई दिल्ली। आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी में ‘जहर’ मिलाने का आरोप लगाया था। अब केंद्रीय चुनाव आयोग ने केजरीवाल को अपने आरोपों के सबूत पेश करने का निर्देश दिया है। चुनाव आयोग ने केजरीवाल से अपने बयान के पक्ष में पर्याप्त सबूत पेश करने को कहा है। उन्हें अपना जवाब देने के लिए बुधवार, 29 जनवरी, 2025 को रात 8 बजे तक का समय दिया गया है। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार यमुना में औद्योगिक कचरा डाल रही है, जिससे दिल्ली का पानी प्रदूषित हो रहा है। इस बयान के बाद भाजपा और आप के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। इसके बाद चुनाव आयोग ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए कहा कि चुनाव के दौरान ऐसे आरोपों के लिए पर्याप्त सबूत पेश करना जरूरी है।
दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ शिल्पा शिंदे ने दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र को लिखे पत्र में केजरीवाल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह दावा तथ्यात्मक रूप से गलत, निराधार और भ्रामक है।