व्यारा। तापी जिले के व्यारा में स्थित दक्षिणापथ विद्यालय में राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस मनाया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी माैजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली। इस दौरान स्कूल के बच्चों द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पुलिस जवानों ने बाइक पर अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान होर्स शो का आयोजन भी किया गया।
व्यारा में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में बीएसएफ, कोस्ट गार्ड, चेतक कमांडो फोर्स, एसआरपी, गुजरात मरीन कमांडो फोर्स समेत अलग-अलग जिले की पुलिस की 23 टीमें परेड में शामिल हुईं।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने 240 करोड़ के विकास कार्यों का ई-लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने तापी जिले के विकास के लिए जिला कलेक्टर को 250 करोड़ का चेक दिया। गणतंत्र दिवस समाराेह में 13 महानुभावों को सम्मानित किया गया। इस दौरान -तापी… प्रकृति, संस्कृति और शक्ति का संगम नामक पुस्तक का विमोचन किया गया।