जयपुर। अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में शिव मंदिर होने का दावा करने वाले विष्णु गुप्ता पर शनिवार सुबह हमला हो गया। विष्णु गुप्ता अजमेर से दिल्ली जा रहे थे, तभी गगवाना लाडपुरा पुलिया पर दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में वो बाल-बाल बच गए और कोई चोट नहीं आई। फायरिंग के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को फोन करके हमले की सूचना दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
विष्णु गुप्ता ने खुद की मीडिया को फायरिंग की जानकारी दी है। उन्होंने एक फोटो भी शेयर किया है, जिसमें उनकी कार पर गोली लगने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। विष्णु गुप्ता पहले ही कोर्ट में अर्जी देकर अपनी जान को खतरा बता चुके हैं। उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है। आज शनिवार को अजमेर से दिल्ली जाते समय दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी।