मुंबई। महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भंडारा जिले में स्थित आयुध कारखाने में भीषण विस्फोट होने से छत ढह गई। विस्फोट में अब तक एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। कंपनी में अभी भी 13 से 14 लोगों के फंसे होने की जानकारी है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची गई और बचाव कार्य शुरू किया।
धमाका इतना तेज था कि दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी। भंडारा महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से आता है। यहां जवाहरनगर इलाके में आयुध कारखाना स्थित है। खबर है कि विस्फोट के कारण कंपनी में आग लग गई।
आयुध फैक्ट्री में हुए धमाके को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर बताया कि आयुध फैक्ट्री में धमाके के कारण छत गिर गई। जिसमें 13 से 14 मजदूर दबे हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक श्रमिक की मौत हो गई है। जबकि पांच को सुरक्षित बचा लिया गया है। जिला कलेक्टर और पुलिस घटनास्थल पर बचाव कार्य कर रहे हैं।
विस्फोट का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है, लेकिन अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बचाव एवं राहत कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और घायलों का शीघ्र उपचार किया जा रहा है। आशंका विस्फोट के कारण लगी आग के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।