सूरत। सूरत में पुलिस भर्ती के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। यहां वाव में पुलिस भर्ती के दौरान शारीरिक परीक्षा देने आया एसआरपी कॉन्टेबल सब इंस्पेक्टर बनने के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ लगा रहा था, तभी अचानक बेहोश होकर गिर गया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने सीपीआर दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार युवक वालिया एसआरपी ग्रुप-10 में पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था और वाव में सब इंस्पेक्टर की शारीरिक परीक्षा देने आया था।
जानकारी के अनुसार सूरत के वाव में आज सुबह एक दुखद घटना सामने आई है। पुलिस उपनिरीक्षक एवं लोकरक्षक संवर्ग की भर्ती परीक्षा के दौरान दौड़ रहे एक अभ्यर्थी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वालिया एसआरपी ग्रुप-10 में पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत संजय कुमार पुत्र रसिकभाई गामित (उम्र 36) पीएसआई भर्ती परीक्षा में शामिल था। आज बुधवार को सुबह 4:45 बजे पहले बैच में 5 किलोमीटर की दौड़ शुरू हुई। इसी बीच संजय कुमार दौड़ते समय अचानक बेहोश होकर गिर गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे 108 एंबुलेंस से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मौजूद डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। संजय कुमार गामित तापी जिले के चिखलवाव गांव का रहने वाला था। परिवार को इस घटना की सूचना दे दी गई है।