मुंबई। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मुख्य आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का असली नाम बताते हुए कहा कि उसका नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है। उसके बांग्लादेशी होने का संदेह है, क्योंकि उसके पास कोई भारतीय सबूत नहीं मिला है। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए अपना परिचय विजय दास, बिजॉय दास या बीजे. के रूप में दे रहा है। हमलावर को गिरफ्तार कर खार पुलिस स्टेशन में रखा गया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी ने बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह चोरी के इरादे से घर में घुसा था। उसे पता नहीं था कि यह सैफ अली खान का घर है।
मुंबई पुलिस के जोन-9 के डीसीपी दीक्षित गेदाम ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 16 जनवरी को रात 2 बजे अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर में हमला हुआ था। आरोपी चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था। डीसीपी दीक्षित गेदाम ने कहा कि हमें संदेह है कि आरोपी बांग्लादेशी मूल का है और इसीलिए पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं को मामले में जोड़ा गया है।
प्राथमिक रिपोर्ट में दावा किया गया कि आरोपी अपना नाम बिजॉय दास या मोहम्मद इलियास बता रहा है। हालांकि, पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गिरफ्तार आरोपी बांग्लादेश का मूल निवासी हो सकता है और ऐसी चर्चा है कि वह 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। देर रात करीब 100 की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट के पास बने लेबर कैंप के पास झाड़ियों से पकड़ा। उसे आज अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी।