भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां आयकर विभाग की टीम भाजपा नेता के घर रेड करने गई थी। इस दौरान घर में चार मगरमच्छ मिले। मामले की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद मगरमच्छों का रेस्क्यू किया गया। भाजपा नेता के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी भाजपा नेता राजेश केसरवानी से जुड़े ठिकानों पर की गई थी। राजेश एक बीड़ी निर्माता, भवन निर्माण ठेकेदार और पूर्व भाजपा पार्षद हैं। हालांकि, आयकर विभाग के किसी अधिकारी ने मगरमच्छ की बरामदगी के बारे में कुछ नहीं कहा। बताया जा रहा है कि जिस घर से मगरमच्छ मिले हैं, वह भाजपा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर का है।
मध्य प्रदेश के हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स असीम श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मगरमच्छों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। मामले की पूरी जानकारी अदालत को उपलब्ध कराई जाएगी और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, असीम श्रीवास्तव ने यह नहीं बताया कि कुल कितने मगरमच्छ पाए गए। सूत्रों का कहना है कि घर में कुल चार मगरमच्छ पाए गए।