राजकोट। आसाराम नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में 2013 से जेल में हैं। आसाराम के खिलाफ जब दुष्कर्म का मामला चल रहा था, उसी दौरान मामले के अहम गवाह अमृत प्रजापति की राजकोट में हत्या कर दी गई थी। राजकोट पुलिस ने 10 साल बाद अमृत प्रजापति के हत्यारे को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। आरोपी को फिलहाल गुजरात लाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोपियों के बारे में और जानकारी देगी। अमृत प्रजापति आसाराम बलात्कार मामले में एक प्रमुख गवाह था, जिसकी हत्या का आरोप स्वयं आसाराम पर है। अमृत प्रजापति आसाराम के पूर्व अनुयायी और चिकित्सक थे।
अमृत प्रजापति की राजकोट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 23 मई 2014 को राजकोट के पेडक रोड पर ओम शांति आरोग्य धाम में मरीज बनकर आए शार्पशूटर ने अमृत प्रजापति पर गोलियां चलाई थी। गोलीबारी के दौरान एक गोली प्रजापति के गले में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में इलाज के लिए अहमदाबाद के एक अस्पताल में लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। दस साल बाद राजकोट क्राइम ब्रांच ने एक गुप्त ऑपरेशन चलाकर अमृत प्रजापति के हत्यारे को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है।