नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर एआईसीसी से निगम बोध घाट ले जाया जा रहा है। उनकी अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी है। वहां उन्हें राजनीतिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे।
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय ले जाया गया था, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत पीएम के प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी वाड्रा समेत कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अंतिम दर्शन करके श्रद्धांजलि दी।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात उनके आवास बंगला नंबर-3, मोतीलाल नेहरू रोड, लुटियंस दिल्ली लाया गया था। डॉ. सिंह के परिवार में पत्नी गुरशरण कौर और तीन बेटियां उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह हैं। उनकी दो बेटियां अमेरिका में थीं, जो शुक्रवार रात दिल्ली पहुंचीं।
कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने कहा कि डाॅ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए सुबह 8 बजे कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 9:30 बजे वहां से निकलेगी। केंद्र सरकार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजनीतिक सम्मान के साथ शनिवार सुबह 11:45 बजे निगमबोध घाट पर किया जाएगा। उसी स्थान पर उनकी समाधि भी बनाई जाएगी।