नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। आज, 26 दिसंबर को उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्वर्गीय डाॅ. मनमोहन सिंह का परिवार अस्पताल में मौजूद है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के बेलगाम से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी अस्पताल पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी एम्स जाएंगे। देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। कांग्रेस ने कल के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। एम्स के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, चंद्रबाबू नायडू, किरण रिजिजू, महबूबा मुफ्ती, भूपिंदर सिंह हुडा, सलमान खुर्शीद, ममता बनर्जी, आतिशी, केजरीवाल, राजनाथ सिंह, सीआर. पाटिल, भूपेन्द्र पटेल, अश्विनी वैष्णव, मायावती, योगी आदित्यनाथ, हेमन्त सोरेन, पिनाराई विजयन, नवीन पटनायक, अजित पवार, स्मृति ईरानी, नितिन गडकरी, शरद पवार, सुखबीर बादल, जयराम रमेश, सचिन पायलट, पी. चिदम्बरम, तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार समेत नेताओं ने श्रद्धांजलि देकर शोक जताया व्यक्त किया है।
कल होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। कल सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजनीकीय सम्मान के साथ होगा। वहीं, कल कर्नाटक के बेलगाम में कांग्रेस की रैली होने वाली थी, लेकिन मनमोहन सिंह के निधन के बाद यह रैली रद्द कर दी गई है। इसके अलावा पार्टी ने अपने कई कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
दिल्ली एम्स की ओर से एक बयान जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि, हमें बेहद दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका उम्र संबंधी बीमारियों का इलाज चल रहा था। 26 दिसंबर, 2024 को वह घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें घर पर होश में लाने की कोशिश की गई। उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली एम्स की मेडिकल इमरजेंसी में ले जाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उनका निधन हो गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करके लिखा है- डॉ. मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी।
दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करके लिखा- मनमोहन सिंह ने अपार विद्वता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैंने एक गुरु खो दिया है. हममें से लाखों लोग जिन्होंने उनकी प्रशंसा की, वे उन्हें बड़े गर्व के साथ याद करेंगे।