अहमदाबाद। पंजाब के अनमोल प्रीत सिंह ने विजय हजारे ट्रॉफी में तूफानी शतक जड़कर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अनमोल प्रीत सिंह लिस्ट ए में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में यह उपलब्धि हासिल की। अनमोल प्रीत सिंह ने अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 चौकों और 9 छक्कों की मदद से पंजाब को 9 विकेट से जीत दिलाई।
अनमोल प्रीत सिंह ने महज 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह लिस्ट ए में तीसरा सबसे तेज शतक है। ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर मैकगर्क और दक्षिण अफ्रीका के एबीडी विलियर्स इस सूची में पहले और दूसरे स्थान पर हैं। जेके ने 29 गेंदों में और एबीडी ने 31 गेंदों में शतक लगाया था। इससे पहले किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड यूसुफ पठान के नाम था। उन्होंने 2009-10 मंे विजय हजारे ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ महाराष्ट्र के लिए 40 गेंदों में शतक बनाया था। इस मैच में पंजाब को 50 ओवर में 165 रनों का लक्ष्य हासिल करना था। जिसमें अनमोल प्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा रन बनाए। अनमोल प्रीत सिंह अपनी पारी के दौरान विस्फोटक शॉट्स लगाते नजर आए। उन्होंने 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 115 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब ने महज 12.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।