पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में बड़ा हादसा हो गया। यहां 40 यात्रियों से भरी एक बस अचानक पलट गई और चीख-पुकार मच गई। इस घटना में करीब 13-14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
हादसा पुणे के तम्हाणी घाट के पास हुआ। इधर, माना जा रहा है कि बस खतरनाक मोड़ लेने के बाद पलट गई है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसे की जगह की तस्वीरें भी डरावनी हैं।
रिपोर्ट के अनुसार बस हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। बस चाकन से महाड जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। ये सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी अचानक एक खतरनाक मोड़ पर बस ड्राइवर ने स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया और बस एक तरफ झुक गई।
सूत्रों के अनुसार पुणे की तम्हानी घाट के पास एक खतरनाक मोड़ है। इसी मोड़ पर एक खड्डा है। मोड़ पर पहुंचते ही बस खड्डे में गिरी और बेकाबू होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 यात्रियों की जान चली गई। वहीं 13-14 लोग बुरी तरह से घायल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को कब्जे में ले लिया। मृतकों को जल्द ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। वहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में ले लिया है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।