मुंबई। मुंबई के कुर्ला इलाके में बड़ा हादसा हो गया। बेस्ट(BEST) एक बेकाबू बस ने कई लोगों को कुचल दिया, जिसमें 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए और तीन की मौत हो गई। अनियंत्रित बेस्ट बस ने कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया है। दुर्घटना का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ियां की मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य चलाया गया।
जानकारी के अनुसार बेस्ट की बस कुर्ला से अंधेरी जा रही थी, तभी अंबेडकर नगर में बुद्धा कॉलोनी के पास अनियंत्रित हो गई और कई लोगों को कुचल दिया। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को भाभा और सायन अस्पताल ले जाया गया है।
कुर्ला भाभा अस्पताल की स्टाफ नर्स गायकवाड़ से मिली जानकारी के अनुसार 20 घायलों में से 3 को मृत घोषित कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।