नई दिल्ली। हिंसा प्रभावित संभल के दौरे पर जा रहे लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले को गाजीपुर बॉर्डर पर रोक दिया गया। पुलिस ने उन्हें संभल नहीं जाने दिया। राहुल और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पांच सांसदों के साथ बुधवार को हिंसा प्रभावित संभल के दौरे के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें गाजीपुर सीमा पर रोक दिया गया। राहुल और प्रियंका गांधी कुछ देर वहां रुके और दिल्ली लौट आए।
पुलिस ने राहुल-प्रियंका के काफिले को गाजीपुर बॉर्डर पर करीब 30 मिनट तक रोके रखा। कांग्रेस ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सिर्फ 5 लोगों को ही जाने की इजाजत दी जाए। हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें बताया कि संभल में धारा 163 लागू कर दी गई है। पुलिस ने राहुल गांधी से वापस लौटने की अपील की। गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी निमिष पाटिल ने राहुल गांधी से बात की और उन्हें प्रबंधन की स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने राहुल से आगे नहीं जाने का अनुरोध किया। उनके साथ केसी वेणुगोपाल, केएल शर्मा, उज्ज्वल रमन सिंह, तनुज पुनिया और इमरान मसूद भी हैं। राहुल और प्रियंका हाल ही में संभल में हुई हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों से मिलने के इरादे से वहां जाना चाहते थे। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने 10 दिसंबर तक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के संभल में प्रवेश पर रोक लगा दी है। दूसरी ओर, दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस तैनात है और बैरिकेडिंग की गई है। राहुल गांधी को दिल्ली की सीमा पर रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार था, लेकिन राहुल गांधी के काफिले को गाजीपुर बॉर्डर पर रोक दिया गया।