नई दिल्ली। एशिया कप के फाइनल में बुधवार को भारत की जूनियर हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। भारत ने पांचवीं बार जीत दर्ज की है। अरिजीत सिंह हुंदल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे। उन्होंने तीन गोल (चौथे, 18वें और 54वें मिनट) पेनाल्टी कॉर्नर पर और 47वें मिनट में एक मैदानी गोल किया। भारत ने पिछले साल भी फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। एक समय दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं, लेकिन चौथे और अंतिम क्वार्टर में हुंदल ने लगातार दो गोल करते हुए भारत को विजेता बना दिया। हुंदल के अलावा दिलराज सिंह ने भारत के लिए 19वें मिनट में गोल किया। पाकिस्तान के लिए सूफियान खान ने 30वें और 39वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर दो और हन्नान शाहिद ने तीसरे मिनट में एक गोल किया।