सूरत। दिल्ली पुलिस की गिरफ्त से फरार हुए पॉक्सो के आरोपी को सूरत क्राइम ब्रांच की टीम ने सचिन से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था। दिल्ली पुलिस उत्तराखंड से गिरफ्तार करके ला रही थी, तभी आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
सूरत क्राइम ब्रांच की टीम ने सचिन इंडस्ट्रियल एरिया से राहुल उर्फ राहुल गुर्जर विनोद कुमार बंसल को गिरफ्तार किया है। राहुल पत्नी के साथ नई दिल्ली में किराए के मकान में रहता और होटल में वेटर की नौकरी करता था। इसी बीच राहुल ने उसी मकान में किराए पर रहने वाली बबीता नामक महिला के साथ मिलकर मकान मालिक की 13 साल की बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया था। उधर, बबीता ने लॉकर तोड़कर 1.78 लाख रुपए की चोरी थी। बबीता ने पीड़िता को इस बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। राहुल ने नाबालिग से कई बार दुष्कर्म किया था। आरोपी के खिलाफ दिल्ली के मालवीय नगर थाने में 9 जुलाई 2024 को दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई गई थी। केस दर्ज होते ही राहुल दिल्ली से उत्तराखंड भाग गया था। दिल्ली पुलिस आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार करके ला रही थी। इसी बीच पुलिस उसे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर के खतौली में एक होटल में खाना खिलाने ले गई। आरोपी पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया और भागकर सूरत आ गया। आरोपी पिछले तीन माह से सूरत के सचिन इलाके में रह रहा था। सूरत क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस के हवाले करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।