सूरत। सूरत से आत्महत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूरत के अलथाण में वार्ड नंबर-30 की भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 34 साल की दीपिका पटेल के आत्महत्या करने के बाद उनके परिवार समेत भाजपा में भारी शोक है।
आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आगे की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दीपिका पटेल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजन आत्महत्या से इनकार कर रहे हैं. परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बता रहे हैं।
मृतक के रिश्तेदार मिनेश पटेल ने बताया कि दीपिका पटेल लंबे समय से भाजपा की कार्यकर्ता और एक समाज सेविका थी। हमें संदेह है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। क्योंकि, जहां दीपिका ने फांसी लगाई थी, वहां कोई रस्सी या दुपट्टा नहीं था। परिवार के सदस्यों में से उनके बच्चे ही घर पर थे और पति खेत में गए थे। कमरे में सचिन के पार्षद चिराग और आकाश नामक एक अन्य शख्स मौजूद था। अगर दीपिका ने फांसी लगाई तो चिराग को पहले पुलिस बुलानी चाहिए। लेकिन उसने पुलिस को बुलाने के बदले दीपिका का शव नीचे उतारा। हमें शक है कि दीपिका की गला घोंटकर हत्या की गई है, इसलिए पूरे मामले की जांच कराई जाए और हमें न्याय मिले।