सूरत। सचिन के पाली गांव में एक अजीब घटना सामने आई है। आइस्क्रीम खाने के बाद 8 से 14 साल की तीन बच्चियों को उल्टी होने लगी और अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि आइस्क्रीम खाने के बाद बच्चियां अलाव के पास भी बैठी थी। इन बच्चियों की मौत आइसक्रीम खाने से हुई या धुएं से? इसकी जांच चल रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आ सकेगा।
जानकारी के अनुसार सचिन के पाली गांव में शुक्रवार की रात 4 बच्चों ने आइस्क्रीम खाई, जिसके बाद उल्टी होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवारवालों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआत में उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया, फिर वहां से सूरत के सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां 3 बच्चियों की मौत हो गई और 1 की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही सूरत के मेयर सिविल अस्पताल पहुंच गए। मृतकों में अनिता कुमार महंतो (8 वर्ष), दुर्गा कुमारी (12 वर्ष) और अमिता महंतो (14 वर्ष) शामिल हैं।