अहमदाबाद। पर्यटन को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोग कच्छ रणोत्सव का लाभ उठा सकें, इसलिए जीएसआरटीसी ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से कच्छ के धोरडो (सफेद रण) तक वोल्वो बस की सुविधा शुरू की है। परिवहन मंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करके यह जानकारी दी है।
कच्छ में 2005 में शुरू हुए कच्छ रणोत्सव की शुरूआत हो चुकी है। गुजरात के कच्छ में हर साल रणोत्सव का आयोजन किया जाता है। रणोत्सव में दूर-दूर से पर्यटक आते हैं। इस साल 11 नवंबर से कच्छ रणोत्सव शुरू हुआ है, जो 15 मार्च 2025 तक चलेगा। कच्छ कभी रेगिस्तानी धरती के नाम से जाना जाता था, आज यहां धोरडो में रेगिस्तान का त्योहार यानी रणोत्सव मनाया जाता है। जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। स्थानीय लोगों के लिए नए-नए रोजगार पैदा हो रहे हैं।
गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा है कि जीएसआरटीसी की वोल्वो बस से आराम से यात्रा करने और सफेद रेगिस्तान की सुंदरता का आनंद लेने के लिए अपना टिकट बुक करें। दूसरी ओर भुज से धोरडो जाने के लिए हाल ही में तीन नई बसें शुरू की गई हैं। यह प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे, दोपहर 1:00 बजे और दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेंगी। जबकि धोरडो से भुज के लिए बस हर दिन सुबह 11:15 बजे, शाम 6:00 बजे और शाम 7:00 बजे चलेगी।