संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हिंसा भड़काने के मामले में पुलिस ने संभल के सांसद, विधायक इकबाल महमूद के बेटे सोहेल इकबाल समेत अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। सभी पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया गया है। संभल में बवाल के बाद पुलिस ने 21 लोगों को हिरासत में लिया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है।
संभल में हंगामे के बाद पुलिस रातभर गश्त लगाती रही। जहां-जहां हिंसा हुई है, वहां आगजनी और पथराव की घटनाओं पर विशेष फोकस किया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। सोमवार सुबह भी बाजार बंद नजर आए, साथ ही लोग अपने घरों से निकलने से भी बच रहे हैं। सड़क पर सन्नाटा पसरा है। सुबह डीआइजी ने पुलिस बल के साथ सड़क पर फ्लैग मार्च किया है। इसके अलावा डीएम द्वारा घोषित अवकाश के बाद बच्चे स्कूल व कॉलेज के लिए नहीं गए।