अमरेली। खांभा के खोडियार आश्रम में आराम कर रहे साधु के पास दो अज्ञात साधु आए और ‘तुम नकली साधु हो’ कहकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद जबरन साधु की जटा काट दी और 21 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने जटा काटने का वीडियो भी बनाया। पीड़ित साधु ने खांभा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार एक साधु खोडियार आश्रम में आराम कर रहे थे, तभी अर्जुन गिरी और एक अन्य अज्ञात साधु आश्रम में आए। इन दोनों साधुओं ने आराम कर रहे साधु को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि ‘तुम नकली साधु हो, तुम मुस्लिम हो। इसके साथ ही दोनों साधुओं ने जबरन साधु की जटा काट दी और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
इसके बाद दोनों आरोपी साधु 10,805 नकद, मोबाइल फोन और 300 ग्राम काजू लूटकर भाग गए। पीड़ित साधु ने दोनों आरोपी साधुओं के खिलाफ खांभा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने और धार्मिक मान्यताओं का अपमान करने का मामला दर्ज किया है।